17.6 C
New York
Wednesday, February 25, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news दिल्ली जा रहा एयर एंबुलेंस विमान क्रैश, सात लोगों की मौत से...

दिल्ली जा रहा एयर एंबुलेंस विमान क्रैश, सात लोगों की मौत से कई परिवार उजड़े

2

दिल्ली जा रहा एक एयर एंबुलेंस विमान हादसा कई परिवारों की जिंदगी उजाड़ गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में न सिर्फ सात लोगों की जान चली गई, बल्कि उनके साथ जुड़े सपने, उम्मीदें और संघर्ष भी हमेशा के लिए खत्म हो गए। झारखंड के रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाले इस विमान में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें एक गंभीर मरीज, उनके परिजन, दो पायलट और एक युवा डॉक्टर शामिल थे। हादसे में सभी की मौत हो गई।

पिता का छलका दर्द

हादसे में जान गंवाने वाले डॉक्टर के पिता का दर्द हर किसी की आंखें नम कर देने वाला है। उन्होंने फफकते हुए बताया कि बेटे ने आखिरी बार कहा था कि वह मरीजों को लेकर दिल्ली जा रहा है। उन्हें क्या पता था कि वही बातचीत उनकी आखिरी होगी। उन्होंने कहा कि बेटे को पढ़ाने के लिए उन्होंने खेत तक बेच दिए थे, लेकिन आज सब कुछ उजड़ गया। इसी विमान में मौजूद मरीज संजय कुमार की कहानी भी उतनी ही दर्दनाक है। संजय ढाबा चलाते थे और एक हादसे में 65 फीसदी झुलस गए थे। झारखंड में 10 दिन तक इलाज चला, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें दिल्ली रेफर किया गया। परिवार ने किसी तरह पैसे जुटाकर एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की थी, मगर जिंदगी बचाने की यह कोशिश ही उनकी मौत का कारण बन गई। इस हादसे में संजय कुमार के साथ उनकी रिश्तेदार अर्चना देवी की भी जान चली गई। परिवार ने इस त्रासदी के लिए राज्य के कमजोर स्वास्थ्य ढांचे को जिम्मेदार ठहराया है।

राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी हलचल

इस दुर्घटना को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि यह जांच की जाएगी कि खराब मौसम के बावजूद विमान को उड़ान की अनुमति कैसे दी गई। उन्होंने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने का आश्वासन भी दिया। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताते हुए कहा कि खराब मौसम एक संभावित कारण हो सकता है, जिसकी पुष्टि जांच के बाद होगी। वहीं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता चंपई सोरेन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया।

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के अनुसार, बीचक्राफ्ट सी90 विमान (VT-AJV) रांची-दिल्ली मार्ग पर मरीजों को ले जा रहा था। विमान ने सुबह 7 बजकर 11 मिनट पर रांची से उड़ान भरी थी। 7 बजकर 34 मिनट पर कोलकाता से संपर्क के बाद वाराणसी से करीब 100 समुद्री मील दक्षिण-पूर्व में विमान का रडार और संचार संपर्क टूट गया। इसके बाद चतरा जिले की कसरिया पंचायत क्षेत्र में विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

डीजीसीए के बयान के मुताबिक, विमान में चालक दल के दो सदस्यों सहित कुल सात लोग सवार थे। हादसे की जांच के लिए वायुयान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (AAIB) की एक टीम को मौके पर भेजा गया है। डीजीसीए की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली स्थित उड़ान संचालक रेडबर्ड के बेड़े में इस दुर्घटनाग्रस्त विमान समेत कुल छह विमान शामिल हैं। अब पूरे देश की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि खराब मौसम, तकनीकी खामी या मानवीय चूक में से किस वजह ने सात जिंदगियों को निगल लिया।