17.6 C
New York
Thursday, April 2, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news Crime देशभर में बम धमकियों का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, मैसूर से दबोचा गया आरोपी

देशभर में बम धमकियों का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, मैसूर से दबोचा गया आरोपी

4

देशभर में स्कूलों, हाई कोर्ट और सरकारी कार्यालयों को बम की धमकियां देकर दहशत फैलाने वाले आरोपी को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मैसूर से दबोचा गया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान 47 वर्षीय श्रीनिवास लुईस के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक लैपटॉप और कई सिम कार्ड बरामद किए हैं, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।

1100 से ज्यादा धमकी भरे ई-मेल

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने करीब 1100 ई-मेल भेजकर अलग-अलग जगहों पर बम धमकियां दी थीं। अब यह पता लगाया जा रहा है कि उसने यह सब क्यों किया और इसके पीछे उसका क्या मकसद था।

हाई कोर्ट जज को भी भेजी धमकी

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने दिल्ली हाई कोर्ट के एक जज को भी धमकी भरा ई-मेल भेजा था। जज की शिकायत के बाद अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया, जिसके बाद कई हफ्तों की तकनीकी जांच के जरिए आरोपी तक पहुंचा गया।

पहचान छिपाने के लिए बदलता था लोकेशन

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग जगहों से ई-मेल और मैसेज भेजता था। पूछताछ में उसने धमकी भरे संदेश भेजने की बात कबूल कर ली है।

पोस्टग्रेजुएट लेकिन बेरोजगार

जांच में पता चला है कि आरोपी मूल रूप से बेंगलुरु का रहने वाला है और पोस्टग्रेजुएट है, लेकिन फिलहाल बेरोजगार है। वह अपनी मां के साथ रहता है, जो रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी हैं। शुरुआती जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि वह मानसिक तनाव से जूझ रहा था।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

इन धमकियों के चलते कई जगहों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने पड़े, लोगों को इमारतों से बाहर निकाला गया और कई संस्थानों का कामकाज प्रभावित हुआ। फिलहाल आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर नई दिल्ली लाया जा रहा है, जहां उससे गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस मामले में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं।