
पाकिस्तान में हालात लगातार बिगड़ते नजर आ रहे हैं। पहले से महंगाई और ऊर्जा संकट झेल रहे देश में अब एक बड़ा हादसा सामने आया है। बलूचिस्तान में एक प्रमुख गैस पाइपलाइन को उड़ा दिया गया, जिससे कई इलाकों में गैस सप्लाई पूरी तरह बंद हो गई।
सोमवार को क्वेटा और अपर बलूचिस्तान में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आतंकियों ने Sui Southern Gas Company (SSGC) की 18 इंच व्यास वाली गैस पाइपलाइन को निशाना बनाया। यह हमला हरनाई जिले के अख्तराबाद इलाके में हुआ, जहां पाइपलाइन के नीचे विस्फोटक लगाकर उसे उड़ा दिया गया।
गैस सप्लाई पूरी तरह बंद
धमाके के बाद कंपनी की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन सुरक्षा कारणों से गैस सप्लाई रोक दी गई। इसका असर क्वेटा समेत कई इलाकों—एयरपोर्ट रोड, नवान कली, जिन्ना टाउन, पिशीन, ज़ियारत और कुचलक—पर पड़ा है, जहां लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घरों में खाना बनाना तक मुश्किल हो गया है।
जांच जारी, जिम्मेदारी किसी ने नहीं ली
पुलिस और काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट (CTD) ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। ईरान से जुड़े क्षेत्रीय तनाव के बीच पाकिस्तान पहले ही तेल-गैस की बढ़ती कीमतों और कमी से जूझ रहा था। ऐसे में इस हमले ने हालात को और गंभीर बना दिया है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि गैस सप्लाई कब तक बहाल होगी, क्योंकि इस पर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।













