
जियोफाइनेंस ऐप ने अपने प्लेटफॉर्म पर एक नई सुविधा जोड़ते हुए अब अलग-अलग बैंकों और एनबीएफसी की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) सेवाएं शुरू कर दी हैं। इस पहल से ग्राहकों को एफडी के लिए अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर जाने की जरूरत नहीं होगी और वे एक ही ऐप पर विकल्पों की तुलना कर निवेश कर सकेंगे।
8.15% तक ब्याज के विकल्प
जियोफाइनेंस ऐप पर फिलहाल यूनिटी स्मॉल फाइनेंस बैंक, सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक, बजाज फाइनेंस, श्रीराम फाइनेंस, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक और महिंद्रा फाइनेंस समेत कई संस्थानों की एफडी उपलब्ध कराई गई हैं। ग्राहक ब्याज दर के आधार पर एफडी विकल्पों को फिल्टर कर सकते हैं। ऐप पर 8.15% सालाना तक ब्याज की पेशकश की जा रही है।
पूरी प्रक्रिया डिजिटल
कंपनी के अनुसार, एफडी बुकिंग की पूरी प्रक्रिया एंड-टू-एंड डिजिटल है, जिससे कुछ ही मिनटों में निवेश किया जा सकता है। इसके साथ ही एक ही डैशबोर्ड पर रिटर्न, मैच्योरिटी डेट और रिन्यूअल रिमाइंडर जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी, जिससे निवेश को ट्रैक करना आसान हो जाएगा।
कंपनी का बयान
जियोफाइनेंस प्लेटफॉर्म एंड सर्विस लिमिटेड के सीईओ सुरभे एस. शर्मा ने कहा कि एफडी देश में बचत का एक लोकप्रिय साधन है, लेकिन ग्राहकों को अलग-अलग विकल्पों की तुलना और निवेश ट्रैक करने में परेशानी आती है। उन्होंने बताया कि जियोफाइनेंस ऐप के जरिए रिसर्च, तुलना, बुकिंग और ट्रैकिंग की पूरी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और डिजिटल बनाया गया है, ताकि यूजर्स अपने वित्तीय लक्ष्यों के अनुसार बेहतर फैसले ले सकें।
जियोफाइनेंस ऐप की यह नई सुविधा उन निवेशकों के लिए खास मानी जा रही है, जो सुरक्षित निवेश के साथ बेहतर ब्याज दर की तलाश में रहते हैं और सब कुछ एक ही प्लेटफॉर्म पर करना चाहते हैं।













