17.6 C
New York
Monday, March 9, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार जीता टी20 वर्ल्ड कप, सूर्यकुमार...

भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार जीता टी20 वर्ल्ड कप, सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में बना नया रिकॉर्ड

3

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारतीय क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया। भारत ने फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर टी20 विश्व कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। इसी मैदान पर 2023 के एकदिवसीय विश्व कप फाइनल में मिली हार का दर्द झेलने वाली टीम इंडिया ने इस बार शानदार जीत दर्ज करते हुए लगातार दूसरी और कुल तीसरी बार टी20 विश्व कप जीतने का गौरव हासिल किया। कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारत ऐसा करने वाला पहला देश बन गया जिसने अपने खिताब का सफल बचाव किया और घरेलू मैदान पर भी ट्रॉफी जीती।

इससे पहले भारत ने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में 2007 और रोहित शर्मा की कप्तानी में 2024 में टी20 विश्व कप जीता था।

भारत की तूफानी बल्लेबाजी

फाइनल में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया। भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए, जो टी20 विश्व कप फाइनल का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।

सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई और 7.1 ओवर में 98 रन की साझेदारी की। अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 52 रन बनाए, जबकि संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 89 रन की शानदार पारी खेली।

इसके बाद ईशान किशन ने 25 गेंदों में 54 रन बनाकर टीम का स्कोर तेजी से आगे बढ़ाया। अंतिम ओवरों में शिवम दुबे (नाबाद 26) और तिलक वर्मा ने महत्वपूर्ण रन जोड़कर भारत को 255 रन तक पहुंचाया। न्यूजीलैंड की ओर से जेम्स नीशम ने तीन विकेट लिए।

गेंदबाजों ने दिलाई बड़ी जीत

256 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड टीम की शुरुआत खराब रही और वह लगातार विकेट गंवाती रही। अक्षर पटेल ने शुरुआती झटके दिए, जबकि जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 14 रन देकर 4 विकेट लिए।

वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पंड्या ने भी अहम विकेट झटके। न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से टिम सीफर्ट ने 52 रन बनाए, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। भारत की जीत के साथ ही स्टेडियम में मौजूद एक लाख से अधिक दर्शकों ने जोरदार जश्न मनाया और पूरा मैदान रोशनी और पटाखों से जगमगा उठा।