17.6 C
New York
Thursday, April 9, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news हल्द्वानी में गैस संकट पर बवाल, सिलिंडर न मिलने से पार्षदों का...

हल्द्वानी में गैस संकट पर बवाल, सिलिंडर न मिलने से पार्षदों का घेराव, ग्रामीणों ने रोका गैस वाहन

4

उत्तराखंड के हल्द्वानी में गैस सिलिंडर की किल्लत को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। सिलिंडर न मिलने से नाराज पार्षदों ने सरस मार्केट स्थित इंडेन गैस एजेंसी का घेराव किया और जमकर हंगामा किया।

पार्षदों का एजेंसी पर हंगामा

पार्षदों का आरोप है कि एक महीने पहले बुकिंग कराने के बावजूद भी लोगों को गैस सिलिंडर नहीं मिल रहा है। वार्डों में गैस लेकर पहुंच रहे कर्मचारी सिलिंडर खत्म होने की बात कहकर लौट जा रहे हैं। एजेंसी में मौजूद कई लोगों ने भी बताया कि उन्हें सिलिंडर डिलीवर होने का संदेश मिल चुका है, लेकिन अभी तक गैस नहीं मिली। पार्षद नीमा भट्ट और शैलेंद्र दानू समेत कई लोग बाद में कुमाऊं आयुक्त से मिलने पहुंचे, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। एजेंसी प्रबंधक की ओर से हीरानगर में गैस वितरण की जानकारी दी गई थी, लेकिन वहां सिलिंडर नहीं पहुंचे। इससे लोगों में और नाराजगी बढ़ गई और पार्षदों को भी विरोध झेलना पड़ा।

5 किलो सिलिंडर को लेकर भी भ्रम

पेट्रोलियम मंत्रालय के फैसले के बावजूद स्थानीय स्तर पर पांच किलो सिलिंडर वितरण को लेकर कोई स्पष्ट आदेश नहीं मिला है। जिले में ऐसे सिलिंडरों का पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद लोगों को नहीं मिल पा रहे हैं। जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन ने कहा कि सिलिंडर बुकिंग के अनुसार बांटे जा रहे हैं और नए आदेश का इंतजार है।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, वाहन रोका

हल्द्वानी के लामाचौड़ क्षेत्र के रामणी गांव में भी गैस न मिलने पर ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। गैस से भरे वाहन को मौके पर ही रोक लिया गया। ग्रामीणों का कहना था कि बुकिंग के बाद भी उन्हें सिलिंडर नहीं दिया जा रहा, जबकि कुछ लोगों का आरोप है कि उनकी बुकिंग पर गैस किसी और को दे दी गई।

मामले की सूचना पर जिला पंचायत सदस्य डॉ. छवि कांडपाल मौके पर पहुंचीं और अधिकारियों से बातचीत की। अधिकारियों ने तीन दिन में नए नंबर जारी करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोग शांत हुए।

पहले भी मिल चुकी है चेतावनी

नगर निगम की बैठक में मेयर गजराज बिष्ट पहले ही गैस किल्लत पर नाराजगी जता चुके हैं और व्यवस्था न सुधरने पर एजेंसी पर कार्रवाई की चेतावनी दे चुके हैं। फिलहाल हल्द्वानी में गैस संकट बना हुआ है और लोग रोजमर्रा की जरूरत के लिए जूझ रहे हैं। प्रशासन ने जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है, लेकिन हालात कब सुधरेंगे, यह देखना बाकी है।