मुंबई के तारदेव इलाके में भाटिया अस्पताल के पास 20 मंजिला इमारत में लगी आग, सात लोगों की मौत की सूचना

2

मुंबई के तारदेव इलाके में भाटिया अस्पताल के पास शनिवार को 20 मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। इसकी चपेट में आने से सात लोगों की मौत की सूचना है दिल दहला देने वाली इस घटना में कई लोग घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर है।

मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है, मौके पर फंसे सभी लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है। लेकिन इमरात के आसपास धुएं के कारण सांस लेना मुश्किल हो रहा है। छह बुजुर्गों को सांस लेने में तकलीफ के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है।

20 मंजिला इमरात की 18वीं मंजिल पर आग लगने की घटना हुई। अधिकारियों के मुताबिक, आग सुबह करीब सात बजे लगी। इसके बाद आग को काबू करने के लिए 13 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। दो से तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इमारत के पास पांच एंबुलेंस को तैनात किया गया है।

घायलों में से 15 को भाटिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से 3 ICU में हैं और 12 सामान्य वार्ड में भर्ती हैं। वहीं, चार घायलों को नायर अस्पताल भेजा गया है। नायर अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि दो लोगों को मृत लाया गया था। महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढ़ा ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया।

आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चला है। आग की वजह से फ्लैट को काफी नुकसान पहुंचा है। इसका कॉमन पैसेजवे पूरी तरह से ध्वस्त हो गया है। इमारत का फायर फाइटिंग सिस्टम काम नहीं कर रहा था। घटना की जांच की जा रही है।