
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में अंतरराष्ट्रीय महिला बॉडीबिल्डर प्रतिभा थपलियाल को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट किया।
प्रतिभा थपलियाल उत्तराखंड की पहली महिला अंतरराष्ट्रीय बॉडीबिल्डर हैं, जिन्होंने वैश्विक मंच पर तिरंगा लहराकर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभा ने खेल जगत में प्रचलित रूढ़ियों को तोड़ते हुए यह साबित किया है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने प्रतिभा के संघर्षपूर्ण सफर की सराहना करते हुए कहा कि दो बच्चों की मां और गृहिणी होने के बावजूद उन्होंने बॉडीबिल्डिंग जैसे कठिन खेल में अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई। यह उपलब्धि प्रदेश की बेटियों और महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की नई खेल नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड में उभरती खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार हरसंभव आर्थिक और तकनीकी सहयोग दे रही है। उन्होंने कहा कि महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देना नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत कदम है।
सम्मान मिलने के बाद प्रतिभा थपलियाल ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने प्रदेश की महिलाओं से आगे बढ़कर खेल और फिटनेस को अपनाने की अपील भी की।













