17.6 C
New York
Saturday, January 17, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home desh BJP ने ओडिशा CM बनाने की जिम्मेदारी राजनाथ सिंह और भूपेंद्र यादव...

BJP ने ओडिशा CM बनाने की जिम्मेदारी राजनाथ सिंह और भूपेंद्र यादव को सौंपी

18

भाजपा ने ओडिशा में पार्टी के विधायक दल के नेता के चुनाव की निगरानी के लिए राजनाथ सिंह और भूपेंद्र यादव को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। भाजपा विधायक दल का नेता ही राज्य के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेगा। पार्टी ने एक बयान में कहा कि उसके संसदीय बोर्ड ने विधायकों की बैठक की निगरानी के लिए सिंह और यादव को चुना, जो राज्य विधानसभा चुनाव में सक्रिय रूप से शामिल थे।

सोमवार को विधायकों की बैठक होने की संभावना है। निवर्तमान मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के नेतृत्व वाले बीजू जनता दल (बीजद) के 24 साल से अधिक के शासन पर विराम लगाते हुए भाजपा ने 147 सदस्यीय विधानसभा में 78 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया। पार्टी ने लोकसभा की 21 में से 20 सीट पर भी जीत हासिल की।

ओडिशा में पहली भाजपा सरकार का शपथग्रहण समारोह 12 जून को

ओडिशा में पहली भाजपा सरकार के शपथग्रहण समारोह की तारीख 10 जून की जगह 12 जून कर दी गई है। पार्टी नेता जतिन मोहंती और विजयपाल सिंह तोमर ने रविवार को इसकी पुष्टि की। मोहंती ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की व्यस्तता के कारण कार्यक्रम स्थगित किया गया है। मोदी रविवार को अपने शपथग्रहण समारोह में व्यस्त रहेंगे और अगले दिन पार्टी सांसदों से मिलेंगे। इसके अलावा, नवनिर्वाचित सदस्यों की पहली विधायक दल की बैठक अब 11 जून को तय की गई है। चुनाव प्रचार के दौरान मोदी ने कहा था कि ओडिशा की पहली भाजपा सरकार 10 जून को शपथ लेगी।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल ने भी शनिवार को इसकी पुष्टि की थी। पार्टी सूत्रों ने हालांकि बताया कि तारीख बदलने का फैसला रविवार को लिया गया। इस बीच, नए मुख्यमंत्री को लेकर अब भी रहस्य बना हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा के वरिष्ठ नेता और नवनिर्वाचित विधायक सुरेश पुजारी नयी दिल्ली पहुंचे, जिससे अटकलें लगाई जा रही हैं कि वह शीर्ष पद के प्रमुख दावेदारों में से एक हो सकते हैं।

ReadAlso;तीसरी बार लगातार पीएम पद के लिए शपथ लेंगे मोदी, कौनसा मंत्रालय किसको मिलेगा?