17.6 C
New York
Wednesday, January 21, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news तकनीकी खराबी के चलते एअर इंडिया की दिल्ली-वॉशिंगटन फ्लाइट वियना में रद्द,...

तकनीकी खराबी के चलते एअर इंडिया की दिल्ली-वॉशिंगटन फ्लाइट वियना में रद्द, यात्रियों को वैकल्पिक सुविधाएं व रिफंड

10

एअर इंडिया की नई दिल्ली से वॉशिंगटन डीसी जा रही उड़ान संख्या AI103 को तकनीकी खराबी के चलते दो जुलाई को वियना में रद्द कर दिया गया। यह खराबी ईंधन भरने के दौरान नियमित जांच के दौरान सामने आई, जिसके बाद यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फ्लाइट को आगे के लिए निरस्त कर दिया गया।

यात्रियों को दी गई वैकल्पिक सुविधा और होटल में ठहराव

विमान में सवार यात्रियों को वियना में उतारकर वैकल्पिक उड़ानों के जरिये गंतव्य तक पहुंचाया गया। जिन यात्रियों के पास शेंगेन वीजा या वीजा-मुक्त प्रवेश की पात्रता थी, उन्हें होटल में ठहराया गया। वहीं अन्य यात्रियों के लिए ऑस्ट्रियाई अधिकारियों की इमिग्रेशन और सुरक्षा मंजूरी मिलने तक विशेष व्यवस्था की गई।

वापसी फ्लाइट भी हुई प्रभावित

इस तकनीकी समस्या के कारण वॉशिंगटन डीसी से वियना होते हुए नई दिल्ली लौटने वाली फ्लाइट AI104 को भी रद्द करना पड़ा। एयरलाइन ने प्रभावित यात्रियों को दिल्ली पहुंचाने के लिए वैकल्पिक उड़ानों में समायोजित किया और प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण धनवापसी की पेशकश की।

एअर इंडिया का बयान

एअर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, “हम यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद प्रकट करते हैं। यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह निर्णय उड़ान से पहले की सुरक्षा जांच के तहत लिया गया।”

एअर इंडिया और इसकी सहायक कंपनी एअर इंडिया एक्सप्रेस प्रतिदिन 1100 से अधिक उड़ानों का संचालन करती है, जिनमें औसतन 1.5 लाख से अधिक यात्री सफर करते हैं। एयरलाइन ने हाल ही में घोषणा की थी कि वह बढ़े हुए उड़ान पूर्व सुरक्षा निरीक्षण को स्वेच्छा से लागू कर रही है, जिसके चलते कुछ सेवाएं अस्थायी रूप से प्रभावित हो सकती हैं। हवाई क्षेत्र की बंदी, यूरोप और एशिया के कुछ हवाईअड्डों पर परिचालन प्रतिबंध, और हवाई यातायात में वृद्धि को भी मौजूदा चुनौतियों में गिना गया है।