17.6 C
New York
Wednesday, January 21, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news भारत ने ‘ऑपरेशन ब्रह्मा’ के तहत म्यांमार भेजी 50 टन राहत सामग्री

भारत ने ‘ऑपरेशन ब्रह्मा’ के तहत म्यांमार भेजी 50 टन राहत सामग्री

97

म्यांमार में बीते शुक्रवार को आए 7.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूंकप ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। इस आपदा के कारण सोमवार तक मरने वालों की संख्या 2065 और घायलों की संख्या 3900 दर्ज की गई है। भूकंप प्रभावित देश की मदद के लिए भारत ऑपरेशन ब्रह्मा चला रहा है। इस बीच, भारत ने सोमवार को 50 टन राहत सामग्री की एक नई खेप भेजी है। ये राहत सामग्री भारतीय नौसेना के दो जहाजों आईएनएस सतपुड़ा और आईएनएस सावित्री द्वारा म्यांमार के शहर यांगून ले जाई गई है।  भारतीय अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारतीय नौसेना के तीन और जहाज आईएनएस करमुख, आईएनएस घड़ियाल और एलसीयू-52 – 500 टन से अधिक अतिरिक्त सहायता सामग्री लेकर यांगून के रास्ते में हैं। भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस सतपुड़ा और आईएनएस सावित्री सोमवार को यंगून पहुंचे, जहां उन्होंने 50 टन से अधिक राहत सामग्री प्रभावित लोगों को सौंपी। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर इस राहत अभियान की जानकारी देते हुए लिखा, ‘ऑपरेशन ब्रह्मा के तहत भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस सतपुड़ा और आईएनएस सावित्री आज यंगून पहुंचे और राहत सामग्री वितरित की।’

इससे पहले, म्यांमार में भारतीय दूतावास ने भी एक्स पर पोस्ट किया, ‘आईएनएस सतपुड़ा और आईएनएस सावित्री द्वारा लाई गई 50 टन मानवीय सहायता और आपदा राहत सामग्री को आज यांगून में राजदूत अभय ठाकुर ने सौंपा। भारतीय वायु सेना के छह  विमानों और भारतीय नौसेना के पांच जहाजों के माध्यम से भारत ने बड़े पैमाने पर राहत सामग्री यंगून, नेपीडॉ और मांडले में पहुंचाई है।’