
बुलंदशहर में चैत्र नवरात्रि से एक दिन पहले शहर का माहौल भक्तिमय हो गया। सैकड़ों श्रद्धालु दिल्ली स्थित झंडेवालान मंदिर से मां दुर्गा की ज्योत लेकर अपने घरों को लौटे। भक्तों के जत्थे शहर की मुख्य सड़कों से गुजरे, जिससे पूरे दिन धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।
श्रद्धालु सिर पर ज्योत धारण कर ‘जय माता दी’ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान तेज ध्वनि में बज रहे भजन और ढोल-नगाड़ों की गूंज से शहर भक्तिमय हो उठा। जगह-जगह स्थानीय लोगों ने भक्तों का स्वागत किया और उनके लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।
भक्तों की बड़ी संख्या में शहर में एक साथ प्रवेश के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। मुख्य चौराहों और बाजारों में जाम की स्थिति बनी रही, जिससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस और यातायात कर्मी व्यवस्था संभालने में जुटे रहे, लेकिन अत्यधिक भीड़ के कारण कई स्थानों पर यातायात धीमा रहा।
नवरात्रि पर्व को लेकर शहर के मंदिरों में भी विशेष तैयारियां की गई हैं। प्रमुख देवी मंदिरों को सजाया गया है और साफ-सफाई के साथ सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की गई है। श्रद्धालु कल से शुरू हो रहे नवरात्र पर्व पर विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना करेंगे।













