
झारखंड की ‘हेमंत सरकार’ ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने झारखंड में गुटखा और पान मसाले की बिक्री, भंडारण और सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने फैसले की घोषणा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के ‘स्वस्थ झारखंड के सपने’ को साकार करने के लिए कठोर कदम उठाया है। यह प्रतिबंध केवल एक नियम नहीं, बल्कि झारखंड के युवाओं को नशे की जकड़ से बचाने की क्रांतिकारी पहल है।
गुटखा माफिया और अवैध व्यापारियों पर रखें कड़ी नजर
‘हेमंत सरकार’ ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को प्रतिबंध को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने प्रशासनिक अधिकारियों से कहा है कि गुटखा माफिया और अवैध व्यापारियों पर कड़ी नजर रखें। सरकार ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति गुटखा बेचते, भंडारण करते या इसका सेवन करते पाया जाता है तो उस पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।
मेरा कर्तव्य उनके जीवन की रक्षा करना
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. अंसारी ने कहा कि गुटखा और पान मसाले के कारण कैंसर जैसी घातक बीमारियां फैल रही हैं। हमारे युवा बर्बाद हो रहे हैं। एक डॉक्टर होने के नाते मैं इस जहर के प्रभाव को भली-भांति समझता हूं। इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। जब जनता ने मुझे स्वास्थ्य मंत्री बनाया है तो मेरा कर्तव्य उनके जीवन की रक्षा करना है।