spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news राहुल गांधी के कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान देहरादून में हादसा, कांग्रेस...

राहुल गांधी के कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान देहरादून में हादसा, कांग्रेस नेता अमर मेहता की मौत

0

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान देहरादून में बड़ा हादसा हो गया। बन्नू स्कूल ग्राउंड में मंच और वाटरप्रूफ टेंट लगाने का कार्य चल रहा था, तभी लोहे का एक गार्डर कांग्रेस नेता अमर मेहता के सिर पर गिर गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर मौजूद लोगों ने अमर मेहता को तुरंत एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बाद में डॉक्टरों ने उनके निधन की पुष्टि कर दी।

राहुल गांधी शुक्रवार को देहरादून के बन्नू स्कूल ग्राउंड में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं। कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में थीं। इसी दौरान क्रेन की मदद से वाटरप्रूफ टेंट लगाया जा रहा था, तभी अचानक लोहे का गार्डर गिर गया और अमर मेहता उसकी चपेट में आ गए।

घटना के बाद अमर मेहता के शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया है। हादसे के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं में शोक की लहर दौड़ गई।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुटे हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।