IT क्षेत्र में जम्मू कश्मीर को मिलेगा हरियाणा का सहयोग, CM मनोहर लाल ने माता वैष्णो देवी के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया

0

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 27 नवंबर को कटरा, जम्मू पहुंच कर माता वैष्णो देवी मंदिर में माँ के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और देश व प्रदेशवासियों की उन्नति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस मौके पर करनाल से सांसद संजय भाटिया भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर CM मनोहर लाल ने कहा कि उनके लिए सौभाग्य की बात कि श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन करने का मौका मिला है। माता से यही कामना की है कि हमारे देश की जनता का विकास का मार्ग प्रशस्त हो, निर्विघ्न सबके काम बनें और सर्व मानव का कल्याण हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र से उनका पुराना संबंध रहा है। 3 वर्षों तक यहां संगठन के लिए काम किया। पुराने साथियों से मिलने की कई बार इच्छा होती थी, वह भी आज पूरी हो गई।

आईटी क्षेत्र में जम्मू कश्मीर सरकार के साथ हरियाणा साईन करेगा एमओयू

CM मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा ने सूचना प्रौद्योगिकी का उपयोग कर नागरिक केंद्रित सेवाओं के वितरण को न सिर्फ सुगम बनाया बल्कि उसमें पारदर्शिता लाकर पात्र लाभार्थियों तक सेवाओं को पहुंचाना सुनिश्चित किया है। इतना ही नहीं, सरकारी कामकाज में भी आईटी का उपयोग कर सरकारी कार्यों में तेजी लाई गई है।

उन्होंने कहा कि आईटी के प्रयोग के मामले में हरियाणा ने देश में अपनी अलग पहचान बनाई है। हरियाणा सरकार के आईटी के नए प्रयोग जम्मू कश्मीर सरकार को भी पसंद आए हैं। ऐसे ही प्रयोगों को यहां लागू करने के लिए हरियाणा सरकार जम्मू कश्मीर सरकार का सहयोग करेगी। इसी दिशा में आईटी क्षेत्र में जम्मू कश्मीर सरकार के साथ एक एमओयू भी साईन होगा।

उन्होंने कहा कि धारा 370 हटने से पहले जम्मू कश्मीर में आतंकवाद से लड़ाई और नागरिक सुरक्षा के मुद्दे होते थे। आज ये प्रदेश आतंकवाद से बाहर निकल कर विकास के पथ पर अग्रसर है। जम्मू कश्मीर आईटी और ईज आफ लिविंग की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

कटरा मे सुना प्रधानमंत्री का मन की बात कार्यक्रम

मुख्यमंत्री ने अपने व्यस्त कार्यक्रम में से समय निकाल कर कटरा में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम को सुना। मन की बात कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा शिक्षा के महत्व का संदेश देने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सभी देशवासियों को अपने ज्ञान के बूते पर समूचे समाज को रोशन करने हेतु आह्वान किया। मुझे पूर्ण विश्वास है कि उनकी इस पहल से हर व्यक्ति को देश के स्वर्णिम भविष्य के लिए कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।