Home news इंटरपोल के प्रमुख मेंग के कथित तौर पर गायब होने की खबर...

इंटरपोल के प्रमुख मेंग के कथित तौर पर गायब होने की खबर से चीन पर उठे सवाल

 : इंटरपोल के प्रमुख मेंग होंगवेई के अचानक लापता होने की खबर सामने आई है। जिसके चलते अंतरराष्ट्रीय जगत में खलबली मच गई है। इंटरपोल के अध्यक्ष मेंग होंगवेई फ्रांस से अपने मूल देश चीन की यात्रा के बाद लापता हो गए है। मेंग की गुमशुदगी और बाद में चीन सरकार द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद अंतरराष्‍ट्रीय जगत में चीन पर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

मेंग की पत्नी ने उनके लापता होने की खबर फ्रांसीसी पुलिस को दी। मेंग की पत्नी ने फ्रांस के शहर लिओन की पुलिस से संपर्क भी किया। फ्रांस में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। लिओन में ही अंतरराष्ट्रीय पुलिस एजेंसी का मुख्यालय है।

इंटरपोल के सेक्रटरी जनरल जर्जेन स्टॉक ने बयान में कहा कि इंटरपोल ने आधिकारिक कानून प्रवर्तन चैनलों के माध्यम से चीनी प्रशासन से प्रेजिडेंट मेंग होंगवेई के स्टेटस को स्पष्ट करने का आग्रह किया है।’ सेक्रटरी जनरल ने कहा कि वह जल्द ही चीन की ओर से इस पर आधिकारिक जवाब की उम्मीद कर रहे हैं, जिससे इंटरपोल के प्रेजिडेंट को लेकर चिंताएं दूर हो सकें।

शुक्रवार को इंटरपोल ने कहा था कि उसे मेंग के ‘कथित तौर गायब’ होने की खबरों की जानकारी है और यह फ्रांस और चीन में संबंधित अधिकारियों के लिए एक मामला है। मेंग को आखिरी बार 29 सितंबर को फ्रांस में देखा गया था।

पिछले सप्ताह चीन पहुंचने पर मेंग को ‘अनुशासन अधिकारी’ पूछताछ के लिए अपने साथ ले गए थे। लेकिन अभी तक यह नहीं कहा जा सकता कि उनके खिलाफ जांच क्यों चल रही है और उन्हें कहां रखा गया है। मेंग चीन के सार्वजनिक सुरक्षा मंत्रालय के उप मंत्री भी हैं।

आपको बता दें कि चीन के निगरानी कानून के तहत संदिग्ध के परिवार और नियोक्ता को 24 घंटे के भीतर हिरासत में रखे जाने की सूचना दे दी जाती है। लेकिन सिर्फ जांच बाधित होने की स्थिति में ऐसा नहीं किया जा सकता है।

मेंग को 2016 में इंटरपोल प्रमुख के तौर पर नियुक्ति की गई थी। उनका कार्यकाल 2020 तक है। इंटरपोल विभिन्न देशों की पुलिस के बीच सहयोग के लिए दुनिया की सबसे बड़ी एजेंसी है।

अगर आप पत्रकारिता जगत से जुड़ना चाहते हैं तो हमारे मीडिया इंस्टीट्यूट से संपर्क करें

Exit mobile version