Home news हरियाणा सरकार ने बनाया ट्रस्ट, निजी कंपनियों से किया आह्वान कि वे...

हरियाणा सरकार ने बनाया ट्रस्ट, निजी कंपनियों से किया आह्वान कि वे सीएसआर फंड को खर्च करने के लिए आएं आगे

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने निजी कंपनियों का आह्वान किया कि वे अपने सीएसआर फंड को खर्च करने के लिए आगे आएं। कंपनियां वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति, स्वच्छता जैसे बहुत से विषयों पर सामाजिक कार्य कर सकती हैं। करनाल में खोला गया ड्राइविंग प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान इसी सीएसआर फंड से बना एक संस्थान है। मुख्यमंत्री ने होंडा कंपनी का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि होंडा कंपनी ने 1999 में गुरुग्राम से अपने सफर की शुरूआत की थी। भविष्य में वे इसी तरह आगे बढ़ें उन्होंने यह भी शुभकामनाएं दी।

हरियाणा सरकार ने बनाया सीएसआर ट्रस्ट

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि निजी कंपनियों को अपने मुनाफे से 2 प्रतिशत सीएसआर के रूप में खर्च करना होता है। कंपनियां इस फंड से अलग-अलग तरह के सामाजिक कार्य करती हैं। इसी के चलते हरियाणा सरकार ने अलग से सीएसआर ट्रस्ट बनाया है। मुख्यमंत्री स्वंय इस ट्रस्ट के चेयरमैन हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कार्यरत बहुत सारी कंपनियां इस ट्रस्ट के अंतर्गत अपने सीएसआर का फंड खर्च करने के लिए आगे आ रही हैं। उन्होंने अन्य कंपनियों को भी ज्यादा से ज्यादा इस कार्य में जनभागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस फंडा का 50 प्रतिशत सरकार और 50 प्रतिशत खुद कंपनी सामाजिक कार्य के लिए खर्च कर सकती हैं।

सड़क सुरक्षा पर तेजी से कार्य कर रही होंडा – अत्सुशी ओगाता

होंडा इंडिया के चेयरमैन अत्सुशी ओगाता ने कहा कि होंडा सड़क सुरक्षा के लिए तेजी से कार्य कर रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल का करनाल में ड्राइविंग प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान स्थापित करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हमारे लिए यह गर्व की बात है कि भगवान कृष्ण जिन्होंने हरियाणा में गीता का ज्ञान दिया था, वहां पर कार्य करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि होंडा अपने सीएसआर फंड से लागातार सामाजिक कार्य कर रही है। हमारा मानना है कि समाज का भी बेहतर विकास होना चाहिए। ओगाता ने कहा कि होंडा एक स्थाई समाज के सपने को साकार करना चाहती है। उन्होंने पूरे भारतवर्ष को आजादी के 75वें अमृत महोत्सव की बधाई व शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर नीलोखेड़ी के विधायक धर्मपाल गोंदर, परिवहन विभाग के प्रधान सचिव नवदीप सिंह विर्क, जिला उपायुक्त अनीश यादव व अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version