बिहार: बेगूसराय सांसद भोला सिंह का निधन, प्रधानमंत्री ने जताया दुख

1

बेगूसराय से लोकसभा के सदस्य और बीजेपी के वरिष्ठ नेता भोला सिंह का शुक्रवार को निधन हो गया. वे 82 साल के थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को लोकसभा सदस्य भोला सिंह के निधन पर दुख जताया। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, “बेगूसराय से लोकसभा सदस्य श्री भोला सिंह जी के निधन से दुखी हूं। उन्हें समाज की उत्कृष्ट सेवा और बिहार के विकास की दिशा में प्रयासों के लिए याद किया जाएगा। इस दुख की घड़ी में उनकी संवेदनाएं, सिंह के परिवार और समर्थकों के साथ हैं।”

82 वर्षीय सांसद ने दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में आखिरी सांसें लीं। उन्हें तीन दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने सिंह के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि उनकी मृत्यु बिहार के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि सिंह सामाजिक कार्य में सक्रियता से भाग लेते थे और उनके जाने से इस क्षेत्र को भी बड़ा नुकसान हुआ है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी सिंह के निधन पर शोक जताया है।

भोला सिंह तीखे बयानों के लिए चर्चित रहे हैं। 2017 में उनके दिए एक बयान ने सनसनी मचा दी थी जिसमें उन्होंने कहा था कि इस देश में रहने वाला हर व्यक्त‍ि हिन्दू है। व्यक्त‍ि भले ही अलग-अलग धर्मों में आस्था रखता हो लेकिन वह हिन्दू है। जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जानवरों के अवैध कत्लखानों पर रोक लगाई थी तो भोला सिंह ने योगी को ‘योद्धा’ बताया था।

नवंबर 2015 में भोला सिंह की एक बात राष्ट्रीय अखबारों की हैडलाइन बनी थी  जिसमें कहा गया था कि बीजेपी, बिहार में चुनाव नहीं हारी बल्क‍ि उसने सुसाइड की है। बिहार में इलेक्शन स्ट्रैटेजी फेल होने पर उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह पर भी तंज कसा था।