‘सिंबा’ की सफलता, रोहित शेट्टी ने मुंबई पुलिस को डोनेट की बड़ी रकम

0

 : बॉलीवुड के फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी की फिल्म ‘सिंबा’ को लोगों ने बेहद पसंद किया हैं। रोहित शेट्टी की इस फिल्म में पहली बार रणवीर सिंह नजर आए। रणवीर का ‘सिंबा’ अवतार उनके फैन्स को भी बहुत पसंद आया है। वहीं, फिल्म की सफलता से खुश रोहित ने हाल ही में मुंबई में आयोजित किए गए उमंग अवॉर्ड के दौरान मुंबई पुलिस को 51 लाख रुपये डोनेट किए। रोहित शेट्टी के साथ अजय देवगन, रणवीर सिंह और अक्षय कुमार भी मौजूद थे।

यह फिल्म अपने ओपनिंग डे से ही बॉक्स ऑफिस पर छाई रही और आलम यह है कि आज भी इसकी कमाई के आंकड़े बढ़ते जा रहे हैं। बता दें, इस फिल्म ने इंडियन बॉक्स ऑफिस पर अब तक 239.60 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। वहीं, वर्ल्ड वाइड कलेक्शन की बात करें तो इस फिल्म ने अब तक 400 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है।

खबरों की मानें तो रिलायंस एंटरटेनमेंट, रोहित शेट्टी पिक्चर्स और धर्मा प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित फिल्म ‘सिंबा’ यह तीनों प्रोडक्शन हाउस के लिए बॉक्स ऑफिस पर सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बन गई है।

यह फिल्म 28 दिसंबर, 2018 को रिलीज हुई थी। इसमें रणवीर एक पुलिसकर्मी की भूमिका में हैं। दुनियाभर में फिल्म की सफलता से उत्साहित शेट्टी का मानना है कि सफलता केवल उनकी नहीं बल्कि सभी प्रशंसकों और पूरी टीम की है। उन्होंने कहा, “हर जगह के सिनेमा हॉल में ‘सिंबा’ के लिए दर्शकों की उत्तेजना और शानदार प्रतिक्रिया देखना अविश्वसनीय है। फिल्म की सराहना से मैं बहुत खुश हूं।”