ओडिशा लोकायुक्त ने 2020 में अभी तक दर्ज किए 272 मामले : अध्यक्ष

0

ओडिशा लोकायुक्त ने इस साल अभी तक 272 मामले दर्ज किए हैं, जिनमें से 56 का निपटारा किया जा चुका है। लोकायुक्त प्रमुख न्यायमूर्ति अजित सिंह ने बताया कि उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी लोक सेवक के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले में वे सीधे लोकायुक्त से मिलें। लोकायुक्त अध्यक्ष ने यहां कहा, ‘‘ 2020 में 272 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें से अभी तक 56 मामलों का निपटारा किया जा चुका है।’’ उन्होंने शनिवार को बताया कि लोकायुक्त को 2019 में भ्रष्टाचार संबंधी 1,418 शिकायतें मिली थीं, जिनमें से 166 मामलों का निपटारा किया जा चुका है। सिंह ने लोगों से भ्रष्टाचार और शक्तिशाली तथा प्रभावशाली लोगों द्वारा सार्वजनिक क्षेत्रों में किए जा रहे कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में सामने आने की अपील की है। उन्होंने कहा,

‘‘.. नौकरशाह, अधिकारी, मंत्री या सांसदों के खिलाफ बिना किसी डर के लोकायुक्त में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्हें कानून के तहत उचित संरक्षण दिया जाएगा। ’’ लोकायुक्त प्रमुख ने कहा, ‘‘ हम लोगों को भ्रष्ट लोक सेवकों और एनजीओ के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक, सभी लोक सेवक तथा अन्य जन प्रतिनिधि लोकायुक्त के दायरे में आते हैं। उनके खिलाफ दर्ज शिकायत का लोकायुक्त कानून के तहत विधिवत निपटारा किया जाएगा।’’ ओडिशा लोकायुक्त कानून सात जुलाई 2018 से प्रभावी हुआ और 28 फरवरी 2019 को लोकायुक्त गठित हआ। न्यायमूर्ति सिंह ने ओडिशा लोकायुक्त के पहले प्रमुख के तौर पर 20 मार्च 2019 को पदभार संभाला था।