दिव्यांग रिक्शा चालक बना रहा किफायती मास्क

0

कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए देश भर में बंद के बीच एक दिव्यांग व्यक्ति किफायती दामों पर मास्क बना रहा है और इस प्रकार लोगों की मदद के साथ साथ अपनी रोजी रोटी भी चला रहा है। बहराइच शहर के बागवानी मोहल्ला निवासी साजिद ई रिक्शा चलाकर अपना घर चलाता था। लॉकडाउन हुआ तो ई रिक्शा बंद हो गया और घर में खाने के लाले पड़ गये। साजिद ने हिम्मत नहीं हारी और घर पर परिवार वालों के साथ मिलकर मास्क बनाने शुरू किया।

साजिद कहते हैं “मेरी आर्थिक हालत अगर ठीक होती तो यही मास्क जरूरतमंदों में मुफ्त में बांटता लेकिन परिवार का पेट पालने के लिए मास्क सिर्फ 10 रुपए में बेचता हूँ जिससे हरेक तबके को मास्क भी मिल जाय और मेरा परिवार भी भूखा न रहे। घर में बने कपड़े के मास्क को बार बार धोकर पहना जा सकता है।’’

साजिद अपनी साइकिल पर मास्क बेचने निकलते हैं और दिन में 300- 400 रुपए कमा लेते हैं। साजिद ने बताया कि वह बड़ों के साथ साथ बच्चों के साइज के भी मास्क बनाते हैं। बच्चों के मास्क की भी बड़ी मांग है। साजिद मास्क के लिए नए कपड़ों का इस्तेमाल करते हैं।