नोएडा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़…

0

शुक्रवार दोपहर को नोएडा के सेक्टर-58 में पुलिस और बदमाशों के मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान एक कुख्यात बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

जनपद गौतम बुद्ध नगर पुलिस के मीडिया प्रभारी उमेद यादव ने बताया कि शुक्रवार दोपहर को थाना सेक्टर-58 पुलिस एनआईबी चौकी के पास जांच कर रही थी। तभी दो बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने पुलिस दल पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली अकबर पुत्र असगर को लगी। पुलिस बदमाश अकबर को गिरफ्तार करने में कामयाब रही लेकिन एक अन्य बदमाश फरार हो गया। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उमेद यादव ने आगे बताया कि उसके पास से पुलिस ने एक मोटरसाइकिल, एक देसी तमंचा व कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल बदमाश के खिलाफ गौतम बुद्ध नगर और बुलंदशहर में लूटपाट के कई मामले दर्ज हैं।